
Jamshedspur: दीपावली के त्योहार से ठीक पहले जमशेदपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत करीब 100 परिवारों की खुशियां लौटा दी हैं। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए करीब 100 मोबाइल फोन को पुलिस की टेक्निकल टीम ने ट्रैक कर बरामद किया। शनिवार को जमशेदपुर पुलिस लाइन में आयोजित 11वें मोबाइल वितरण शिविर में जरूरी वेरिफिकेशन पूरा करने के बाद ये सभी फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए। महीनों पहले खो चुके फोन वापस मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली और उनके चेहरे खिल उठे।


अब तक 3,273 मोबाइल किए जा चुके हैं वापस
जमशेदपुर पुलिस के अनुसार, गुमशुदा मोबाइलों को ढूंढने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत अब तक विभिन्न चरणों में कुल 3,273 फोन बरामद कर लोगों तक पहुंचाए जा चुके हैं। शनिवार का कार्यक्रम इस अभियान का 11वां शिविर था। इस वितरण कार्यक्रम में SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी SP ललित मीणा, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल के अलावा कई DSP और विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद रहे। अपने खोए हुए कीमती फोन वापस पाकर लोगों ने पुलिस टीम की तत्परता की जमकर सराहना की।

शहरवासियों के लिए ‘दिवाली गिफ्ट’, SSP ने मांगा सहयोग
SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब ने इसे शहरवासियों के लिए पुलिस की तरफ से एक ‘दिवाली गिफ्ट’ बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और बरामदगी के लिए भी पूरी तरह गंभीर है। जमशेदपुर को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है, लेकिन इसमें स्थानीय लोगों की सजगता और सहयोग भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खोए हुए मोबाइलों को खोजने और मालिकों तक पहुंचाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


