
Hazaribagh: हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और ऑक्सीजन की घोर किल्लत को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर में पिछले दस दिनों से जीवनरक्षक ऑक्सीजन की नियमित आपूर्ति पूरी तरह लड़खड़ाई हुई है। इसी गंभीर संकट के बीच इलाज के लिए भर्ती एक महिला मरीज ने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक मौत की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठने लगे।


जिला परिषद चौक पर धरने पर बैठे विधायक
अस्पताल में ऑक्सीजन के अभाव और लापरवाही के इस गंभीर मामले को लेकर स्थानीय विधायक प्रदीप प्रसाद खुद मैदान में उतर आए। उन्होंने जिला परिषद चौक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुख्य सड़क को जाम कर दिया। विधायक ने सीधे तौर पर अस्पताल प्रशासन को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने अस्पताल में बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और जीवनरक्षक दवाओं की अनुपलब्धता पर नाराजगी जताते हुए सभी जरूरी सुविधाएं अविलंब बहाल करने की मांग उठाई।

अधिकारियों ने पहुंचकर संभाला मोर्चा, जांच की मांग तेज
सड़क जाम की सूचना मिलते ही सदर अंचल के अंचलाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और आक्रोशित प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। इस अप्रिय घटना ने मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं के दावों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और इस आपराधिक लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


