
Gumla: आदिवासी समाज की मुखर आवाज रहीं नेत्री निशा भगत के असामयिक निधन से पूरे गुमला जिले में गहरा शोक छाया हुआ है। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव चैनपुर प्रखंड स्थित ऊरू बारडीह लाया गया। अपनी लोकप्रिय नेत्री के अंतिम दर्शन करने और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में ग्रामीणों और समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दौरान पूरा माहौल बेहद गमगीन रहा और लोगों की आंखें नम नजर आईं।
झारखंड के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि
निशा भगत के अंतिम दर्शन के लिए झारखंड के तीन पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास और मधु कोड़ा विशेष रूप से उनके पैतृक गांव पहुंचे। तीनों पूर्व मुख्यमंत्रियों ने दिवंगत नेत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी गांव पहुंचकर दिवंगत आत्मा को नमन किया।

पैतृक आवास पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, माहौल रहा गमगीन
विशिष्ट नेताओं और भारी जनसैलाब के आगमन को ध्यान में रखते हुए कुरूमगढ़ थाना क्षेत्र स्थित उनके पैतृक आवास और आसपास के सभी संवेदनशील मार्गों पर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की मुस्तैदी के बीच अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। अंतिम यात्रा में शामिल हजारों लोगों की भारी उपस्थिति ने साफ कर दिया कि निशा भगत ने जनहित और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया था, उसके प्रति आम जनता के दिलों में कितना गहरा सम्मान और अपनापन था।


