
मोतिहारी: मोतिहारी में पाकिस्तानी संपर्कों के जरिए साइबर ठगी और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का नेटवर्क संचालित करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार देर रात नगर थाना क्षेत्र के बेलिसराय इलाके में दो अलग-अलग किराये के मकानों पर छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित पाकिस्तानी नागरिकों के संपर्क में थे और भारतीय बैंक खातों तथा क्यूआर कोड के माध्यम से कथित तौर पर ठगी की रकम का लेन-देन कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपितों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल और पांच एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। मोबाइल की प्रारंभिक जांच में पाकिस्तानी व्हाट्सएप नंबर और संदिग्ध चैट मिलने की बात कही गई है। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है।

रात 1:20 बजे दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि एसडीपीओ सदर-01 दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने शुक्रवार की रात करीब 1:20 बजे बेलिसराय इलाके के दो अलग-अलग मकानों में छापेमारी की। दोनों आरोपित वहां किराये पर रह रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक साथ कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पाकिस्तानी नंबरों से संपर्क और भारतीय खातों के इस्तेमाल का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दोनों युवक पाकिस्तानी नागरिकों के संपर्क में थे। आरोप है कि उनके निर्देश पर भारतीय बैंक खातों और क्यूआर कोड के जरिए रकम मंगाई जाती थी और फिर उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर किया जाता था।
मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तानी व्हाट्सएप नंबर और संदिग्ध चैट मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित नेटवर्क में कितने बैंक खाते और लोग शामिल हैं तथा अब तक कितनी रकम का लेन-देन हुआ है।
पांच एटीएम कार्ड और दो मोबाइल जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो एंड्रॉयड मोबाइल और पांच एटीएम कार्ड जब्त किए। इनमें फेडरल बैंक के तीन, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का एक और बैंक ऑफ इंडिया का एक कार्ड शामिल है। कार्डों पर राजू कुमार और राजू कुमार भगत के नाम दर्ज हैं।
पुलिस को आशंका है कि इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम निकालने या ट्रांसफर करने में किया जाता था। फिलहाल जब्त मोबाइल और कार्ड की जांच की जा रही है।
डुमरियाघाट और संग्रामपुर के रहने वाले हैं गिरफ्तार युवक
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सेम्मुआपुर निवासी पंकज गुप्ता और संग्रामपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर बरवा निवासी राजू कुशवाहा उर्फ राजू कुमार भगत (22) के रूप में हुई है। दोनों बेलिसराय इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे।
पुलिस अब दोनों के मोबाइल, बैंक खातों, एटीएम कार्ड और डिजिटल ट्रांजैक्शन की गहन जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कथित पाकिस्तानी संपर्कों के पीछे कौन लोग हैं, ठगी की रकम किन खातों में पहुंचती थी और इस नेटवर्क का विस्तार किन राज्यों तक है। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
छापेमारी टीम में ये पदाधिकारी थे शामिल
कार्रवाई में सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार, इंस्पेक्टर राजीव रंजन, दारोगा केवी हनुमंता, संतोष कुमार, सतीश कुमार, संतोष कुमार, जमादार भीम यादव और महिला सिपाही पुतुल कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
(प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)


