
Giridih: गिरिडीह जिले की पचम्बा थाना पुलिस ने पांच दिन पहले चोरी गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी को भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र से बरामद करने में महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है। शनिवार की देर शाम आयोजित प्रेसवार्ता में पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पचम्बा थाना क्षेत्र के तेलोडीह इलाके से 2 अक्टूबर को अज्ञात चोरों ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी उड़ा ली थी। गाड़ी गायब होने के बाद पीड़ित वाहन मालिक और तेलोडीह निवासी मोहम्मद शाहनवाज आलम ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।


लोकेशन ट्रेस कर पूर्वी चंपारण पहुंची पुलिस टीम
केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। वाहन के संभावित मार्गों और डिजिटल लोकेशन को लगातार ट्रैक किया गया। जांच की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस टीम बिहार के पूर्वी चंपारण जिले अंतर्गत नेपाल सीमा से सटे झरोखा थाना क्षेत्र तक पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर चोरी गई स्कॉर्पियो को सकुशल बरामद कर लिया गया।
फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी
हालांकि इस बरामदगी के दौरान वाहन चुराने वाले गिरोह के सदस्य मौके से भागने में सफल रहे और पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। पचम्बा पुलिस का कहना है कि वाहन चोर गिरोह के नेटवर्क को चिन्हित कर लिया गया है और कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। थाना प्रभारी ने दावा किया कि बहुत जल्द गाड़ी चोरी करने वाले मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


