
Simdega News: सिमडेगा के कोर्ट ग्राउंड में खेल रहे एक व्यक्ति का बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी हुआ बैग और उसमें रखा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन सकुशल बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार 6 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे एक व्यक्ति फुटबॉल खेलने कोर्ट ग्राउंड पहुंचा था। मैदान में उतरने से पहले उसने अपना मोबाइल फोन बैग में सुरक्षित रखा और बैग को मैदान की सीढ़ियों पर छोड़ दिया था।
शोर मचते ही भीड़ ने खदेड़कर तीनों को पकड़ा
सुबह करीब सवा आठ बजे खेल समाप्त होने के करीब था, तभी एक युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ मौका पाकर सीढ़ी पर रखा बैग उठाकर मुख्य गेट की ओर भागने लगा। पीड़ित की नजर पड़ते ही उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद मैदान में मौजूद अन्य खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को खदेड़कर मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना फौरन सिमडेगा थाना पुलिस को दी और तीनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया।

दो आरोपियों का रहा है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, भेजे गए जेल
इस मामले में सिमडेगा थाने में कांड संख्या 150/2026 दर्ज करते हुए पुलिस ने अंकित प्रसाद, निरंजन केरकेट्टा और मुकेश किड़ो को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में से अंकित प्रसाद और मुकेश किड़ो का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने 7 नवंबर को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


