
Jamtara News: जामताड़ा में पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 37 पेटियों में रखी विभिन्न ब्रांडों की 434 बोतल (750 एमएल) विदेशी शराब बरामद की है। इसके साथ ही मौके से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और ₹26,100 नकद भी जब्त किए गए हैं।
महेशमुंडा चेकपोस्ट पर छापेमारी
नाला डीएसपी दिलीप तिर्की ने बताया कि जामताड़ा एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने महेशमुंडा चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान पश्चिम बंगाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई, जिससे शराब की यह खेप बरामद हुई। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क का पता लगा रही है।



