
Jharkhand Weather: दीपावली के मौके पर इस बार झारखंड के मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। सुबह के वक्त हल्के कोहरे और धुंध के बाद दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान है, लेकिन कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 9 से 11 नवंबर के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इस मौसमी बदलाव के चलते त्योहारी सीजन में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और रात तथा सुबह के समय ठंड का अहसास तेजी से बढ़ेगा।
पारे में गिरावट से बढ़ेगी कनकनी, सुबह और रात में ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री तक कमी आने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम के समय कनकनी महसूस होगी। हालांकि इसके बाद के दो दिनों में तापमान में फिर से दो से चार डिग्री की मामूली बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। राजधानी रांची में भी पारे की चाल बदलती दिख रही है, जहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

9 नवंबर से संताल और कोल्हान में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 9 नवंबर से राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में बादलों की गर्जना के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। 10 नवंबर को इसका दायरा बढ़ेगा और देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ समेत कोल्हान के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। इसके बाद 11 नवंबर को बारिश का प्रभाव मध्यवर्ती जिलों तक पहुंचेगा, जिससे रांची, खूंटी, लोहरदगा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में सुबह कुहासा छाने के बाद बूंदाबांदी हो सकती है।
13 नवंबर से साफ होगा आसमान, कोई विशेष चेतावनी नहीं
राजधानी रांची में 9 नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है, जिससे दिन का तापमान 26 डिग्री और रात का तापमान 18 डिग्री तक रह सकता है। 10 और 11 नवंबर को भी सुबह कोहरा और दिन में बादल छाने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 12 नवंबर को कई इलाकों में हल्के बादल रहेंगे और 13 नवंबर से पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि भले ही बादलों और हल्की बारिश का अनुमान है, लेकिन 7 से 11 नवंबर के बीच किसी भी जिले के लिए कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है।


