
Mumbai/Ranchi: महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन का जोनल कमेटी सदस्य (ZCM) संजय यादव उर्फ गोदराम कुल 13 लाख रुपये का इनामी नक्सली है। उस पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये और बिहार सरकार ने तीन लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मूल रूप से पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित देवगन (तिलहड़वा) गांव का रहने वाला संजय यादव लंबे समय से दोनों राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
दो राज्यों के 53 संगीन मामलों में था वांछित
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजय यादव झारखंड और बिहार के कुल 53 मामलों में वांछित था। इनमें अकेले पलामू जिले के 23, बिहार के औरंगाबाद जिले के 20 और गया जिले के 10 मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों में हत्या, पुलिस बल पर जानलेवा हमला, विकास योजनाओं से लेवी वसूली, आईईडी विस्फोट, निर्माण वाहनों में आगजनी और अवैध हथियार व विस्फोटक रखने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

बीजेपी दफ्तर ब्लास्ट और जेएमएम नेता की हत्या में था शामिल
संजय गोदराम का नाम क्षेत्र की कई प्रमुख नक्सली घटनाओं में दर्ज है। 25-26 अप्रैल 2019 की रात हरिहरगंज बाजार स्थित हीरा कॉम्प्लेक्स में संचालित भाजपा के चुनाव कार्यालय को आईईडी विस्फोट से उड़ाने और तुरी गांव के पास बटाने नदी पुल निर्माण में लगी मशीनों में आग लगाने के मामले (कांड संख्या 37/2019) में वह मुख्य आरोपी था। इसके अलावा 23 नवंबर 2019 को पीपरा बाजार में हुई गोलीबारी में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष मोहन कुमार गुप्ता समेत दो लोगों की मौत की घटना में भी उस पर नामजद प्राथमिकी दर्ज है। वर्ष 2023 में क्रेशर और ईंट-भट्ठा संचालकों से रंगदारी वसूलने और सड़क निर्माण में लगे वाहनों को फूंकने में भी उसकी सीधी भूमिका सामने आई थी।
पुलिस को उड़ाने की साजिश और मुठभेड़ के मामलों में भी आरोपी
जुलाई 2023 में पीपरा-छतरपुर मुख्य मार्ग पर हारना गांव के पास पुलिस गश्ती दल को निशाना बनाने के लिए पुलिया के नीचे केन बम और सिलेंडर बम प्लांट करने की साजिश में भी संजय यादव शामिल था। इसके अलावा फरवरी 2025 में हुसैनाबाद के दुधिया जंगल से बरामद 8-9 किलोग्राम के शक्तिशाली आईईडी और मई 2025 में पांडू थाना क्षेत्र के बरवाही जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के मामले में भी वह नामजद अभियुक्त है।
हथियारों के डंप और नेटवर्क को लेकर पूछताछ तेज
गिरफ्तारी के बाद पुलिस संजय यादव से गुप्त ठिकानों, जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों और गोला-बारूद के डंप की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही अंतरराज्यीय सीमावर्ती इलाकों में माओवादी संगठन के सक्रिय नेटवर्क, लेवी के पैसों के लेन-देन, शहरी समर्थकों और संगठन की भावी रणनीतियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा रहे हैं।


