
रोहतास जिले में सूर्य उपासना और वैदिक परंपरा से जुड़ा एक अनोखा धार्मिक आयोजन शुरू होने जा रहा है। डेहरी-नासरीगंज मार्ग स्थित सब्दला गांव में 15 नवंबर 2026 से अनंतकालीन सूर्य हवन का शुभारंभ होगा। इंटरनेशनल अवेयरनेस फॉर सन (IAS) की ओर से आयोजित इस हवन को आयोजकों ने ऐसा महाकर्म संकल्प बताया है, जिसे लगातार 24 घंटे चलाने और भविष्य में कभी समाप्त नहीं करने की योजना है।
आयोजन की सबसे खास बात यह होगी कि हवन में कोई एक व्यक्ति लगातार आहुति नहीं देगा। श्रद्धालु बारी-बारी से आधे-आधे घंटे तक हवन में शामिल होंगे। इसके बाद दूसरे श्रद्धालु उनकी जगह लेंगे। इस तरह हवन को बिना रुके चौबीसों घंटे जारी रखने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए श्रद्धालुओं की बुकिंग और समय-सारणी भी तैयार की जा रही है।

आयोजन के संस्थापक सूरज कुमार ने बताया कि इस संकल्प को साकार करने के लिए भूमि दान की गई है। आयोजन स्थल पर तालाब और हवन कुंड का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर की सुबह पांच बजे से अनंतकालीन सूर्य हवन की शुरुआत की जाएगी।
22 साल की तपस्या के बाद साकार हो रहा संकल्प
सूरज कुमार के मुताबिक, अनंतकालीन सूर्य हवन की परिकल्पना अचानक नहीं बनी है। इसके पीछे करीब 22 वर्षों की मेहनत और तैयारी है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 से 12 वर्षों से छठ महापर्व के अवसर पर भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। सूरज कुमार ने कहा कि करीब चार साल पहले कोविड के दौर में मंदिर निर्माण का विचार आया था। इसके बाद इस पहल को और व्यापक स्वरूप देने पर चर्चा शुरू हुई। धीरे-धीरे यह विचार नियमित धार्मिक आयोजन से आगे बढ़कर अनंतकाल तक चलने वाले सूर्य हवन के संकल्प में बदल गया। उनके अनुसार, इस आयोजन से गांव और आसपास के क्षेत्रों के पढ़े-लिखे लोगों के साथ स्थानीय ग्रामीण भी जुड़ रहे हैं। आयोजकों का प्रयास है कि यह केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी हो।
भारतीय ज्ञान परंपरा और वैदिक शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
आयोजकों का कहना है कि अनंतकालीन सूर्य हवन का उद्देश्य केवल पूजा-पाठ करना नहीं, बल्कि सूर्य उपासना के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा, वैदिक शिक्षा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना भी है।सूरज कुमार ने बताया कि इस पहल में गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय का सहयोग मिल रहा है। विश्वविद्यालय के इंडियन नॉलेज सिस्टम (IKS) डिवीजन के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा और वैदिक शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की योजना है।
आयोजकों के अनुसार, हवन स्थल पर समय-समय पर प्रवचन, सूर्य उपासना के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहलुओं पर चर्चा, पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी संगोष्ठियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वैदिक पढ़ाई और वैदिक स्कूल की संभावनाओं पर भी काम करने की योजना है।
11 नवंबर को देव सूर्य मंदिर से सब्दला तक निकलेगी 60 किलोमीटर की पदयात्रा
अनंतकालीन सूर्य हवन की शुरुआत से पहले 11 नवंबर को पदयात्रा और रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा औरंगाबाद जिले के प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर से शुरू होकर रोहतास जिले के डेहरी क्षेत्र स्थित सब्दला गांव तक पहुंचेगी। यात्रा की दूरी करीब 60 किलोमीटर बताई गई है। आयोजक सूरज कुमार के अनुसार, श्रद्धालु देव सूर्य मंदिर से जल लेकर पदयात्रा के माध्यम से सब्दला पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान सूर्य मंत्रों का जाप, भजन-कीर्तन और धार्मिक गतिविधियां होंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रास्ते में पानी, फलाहार, चिकित्सा सहायता और विश्राम की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है।
इसी दिन यानी 11 नवंबर को आयोजन स्थल पर शिलान्यास भी प्रस्तावित है। आयोजकों ने बताया कि गोपाल नारायण सिंह इस शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। शिलान्यास के बाद तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा और चार दिन बाद 15 नवंबर की सुबह पांच बजे से हवन शुरू होगा।
करीब चार करोड़ रुपये की भूमि और जलस्रोत का योगदान
आयोजन के संस्थापक सूरज कुमार ने बताया कि इस महाकर्म संकल्प के लिए करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की भूमि और जलस्रोत का योगदान दिया गया है। इसी जमीन पर तालाब और हवन कुंड का निर्माण कराया जा रहा है। इसी स्थान पर लगातार सूर्य हवन संचालित करने की योजना है। सूरज कुमार का कहना है कि यह उनके लिए केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है। इसके माध्यम से सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ समाज में सेवा, अनुशासन, सामूहिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
प्लास्टिक मुक्त परिसर और पर्यावरण संरक्षण पर भी रहेगा जोर
15 नवंबर से शुरू होने वाले हवन को लेकर सब्दला गांव में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हवन कुंड, यज्ञशाला, श्रद्धालुओं के ठहरने, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस धार्मिक आयोजन में रोहतास के अलावा औरंगाबाद, कैमूर, भोजपुर और झारखंड के पलामू क्षेत्र से भी श्रद्धालु पहुंचेंगे। आयोजन स्थल को प्लास्टिक मुक्त रखने, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और जल संरक्षण को लेकर विशेष पहल करने की योजना बनाई गई है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से 11 नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा और 15 नवंबर से शुरू होने वाले अनंतकालीन सूर्य हवन में शामिल होने की अपील की है।
समाचार संकलन: विकास चंदन


