
अरवल: पुलिस और पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द, मैत्री और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस लाइन अरवल में 15 ओवर का मैत्री क्रिकेट मुकाबला आयोजित किया गया। पुलिस एकादश और पत्रकार एकादश के बीच खेले गए इस रोमांचक मैच में पुलिस एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पत्रकार एकादश को सात विकेट से हरा दिया।
मुकाबले में पुलिस एकादश के कप्तान और पुलिस अधीक्षक किरण कुमार गोरख जाधव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पत्रकार एकादश की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए। पत्रकार टीम की ओर से दीप प्रकाश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों पर 64 रनों की आकर्षक पारी खेली।116 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस एकादश की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम ने महज 12 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबले को सात विकेट से अपने नाम कर लिया।

पत्रकार एकादश की कप्तानी बब्लू सिन्हा ने की, जबकि पुलिस एकादश का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक किरण कुमार गोरख जाधव ने किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए पत्रकार एकादश के दीप प्रकाश को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस मैत्री मुकाबले ने पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर तालमेल, आपसी सहयोग और सौहार्द का संदेश दिया। खेल के माध्यम से दोनों टीमों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और खेल भावना का परिचय दिया।


