
अररिया: जिले के कुर्साकांटा प्रखंड में नामांतरण, दाखिल-खारिज और परिमार्जन के मामलों में रिश्वत मांगने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप सामने आया है। जागीर परासी के राजस्व अमीन सह प्रभारी राजस्व कर्मचारी सनोज कुमार यादव के खिलाफ बिरबन नया टोला निवासी विकास कुमार ने जिलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदक ने आरोप लगाया है कि दाखिल-खारिज के बदले उनसे 10 हजार रुपये मांगे गए और राशि नहीं देने पर काम रोकने की बात कही गई। कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी चर्चा है। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में डीएम के आदेश पर जांच टीम गठित की गई है।

दाखिल-खारिज के लिए 10 हजार रुपये मांगने का आरोप
आवेदक विकास कुमार, पिता बिंदेश्वरी मंडल, बिरबन नया टोला, वार्ड संख्या 10, पंचायत जागीर परासी के निवासी हैं। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि उन्होंने मौजा बिरबन, थाना संख्या 106, खाता संख्या 50 और खेसरा संख्या 891 की 21 डिसमिल 200 वर्गकड़ी जमीन 22 सितंबर 2026 को दलील संख्या 8638 के माध्यम से खरीदी थी।
विकास कुमार के अनुसार, जमीन के दाखिल-खारिज के लिए उन्होंने जागीर परासी के प्रभारी राजस्व कर्मचारी सह अमीन सनोज कुमार यादव से संपर्क किया था। आरोप है कि काम करने के बदले उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई, जबकि उन्होंने दाखिल-खारिज के लिए जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए थे।
आवेदक ने यह भी बताया कि उनके चचेरे भाई की ओर से परिमार्जन के लिए आवेदन संख्या 260756285375801 / 2026-27 दिया गया है, जो अब तक लंबित है।
फोन पर अभद्र भाषा और जान से मारने की धमकी का दावा
आवेदन के मुताबिक, 6 नवंबर 2026 की रात 8:43 बजे सनोज कुमार यादव के मोबाइल नंबर से विकास कुमार के मोबाइल पर कॉल आया था। विकास का आरोप है कि बातचीत के दौरान रिश्वत की राशि नहीं देने पर काम नहीं होने की बात कही गई। इस पर सवाल उठाने के बाद कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
आवेदक ने दावा किया है कि उनके पास पूरी बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है और जरूरत पड़ने पर इसे जांच के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने 7 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को कुर्साकांटा जाएगी जांच टीम
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर जांच टीम गठित की गई है। एसडीओ श्वेतम दीक्षित ने बताया कि जांच टीम सोमवार को कुर्साकांटा जाएगी। इस दौरान दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी और ऑडियो सहित अन्य तथ्यों की जांच होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व कर्मचारी ने आरोपों पर दी सफाई
वहीं, राजस्व कर्मचारी सनोज कुमार यादव ने आरोपों के संबंध में अपना पक्ष भी रखा है। उन्होंने कहा कि विकास कुमार काम को लेकर उन्हें लगातार परेशान करते थे। कर्मचारी का दावा है कि घटना से एक दिन पहले रात में विकास कुमार ने फोन पर उनके साथ गाली-गलौज की थी।
सनोज कुमार यादव के अनुसार, जब उन्होंने उनसे बातचीत की तो विकास कुमार ने उसे रिकॉर्ड कर लिया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वायरल ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज उनकी ही है। हालांकि, रिश्वत मांगने और धमकी देने के आरोपों पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


