
Sidesaddle Riding: भारत और पाकिस्तान समेत समूचे दक्षिण एशियाई देशों में आज भी ज्यादातर महिलाएं दोपहिया वाहन पर दोनों पैर एक ही तरफ करके बैठती हैं। गांव-देहात से लेकर शहरों तक यह दृश्य आम है। अमूमन इसे पारंपरिक मर्यादा, साड़ी-सूट जैसे परिधानों की असहजता या पारिवारिक लिहाज से जोड़कर देखा जाता है, जबकि सच्चाई यह है कि इस तरह बैठना सफर के दौरान बेहद असुरक्षित और जानलेवा साबित होता है। हाल ही में पाकिस्तान की जानी-मानी मोटो-राइडर जेनिथ इरफान ने एक वीडियो के जरिए इस सामाजिक चलन के ऐतिहासिक और औपनिवेशिक पहलुओं को उजागर किया है।
सामाजिक मान्यता और सुरक्षा का जोखिम


अक्सर यह माना जाता है कि साड़ी, लहंगा या लंबे सूट में दोनों तरफ पैर फैलाकर बैठना कपड़ों के उलझने के डर और बड़े-बुजुर्गों के सामने अशोभनीय दिखने की वजह से टाला जाता है। मगर वैज्ञानिक और सुरक्षा के नजरिए से देखें तो बाइक पर एकतरफा बैठने से शरीर का संतुलन बिगड़ जाता है और अचानक ब्रेक लगने या मुड़ने की स्थिति में गंभीर दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसके बावजूद पीढ़ियों से इस असुरक्षित आदत को मर्यादा के नाम पर ढोया जा रहा है।
14वीं सदी के यूरोप से जुड़ा इतिहास

पूरे पाकिस्तान की बाइक से यात्रा करने वाली पहली महिला राइडर जेनिथ इरफान के मुताबिक, यह चलन दक्षिण एशिया की अपनी संस्कृति का हिस्सा कभी नहीं था। इसकी शुरुआत 14वीं-15वीं सदी के दौरान यूरोप में हुई थी। उस दौर में बोहेमिया की राजकुमारी ऐन ने घोड़े पर एक तरफ पैर करके करीब 1600 किलोमीटर की यात्रा की थी। तब यूरोपीय समाज में महिलाओं का पुरुषों की भांति दोनों तरफ पैर फैलाकर घोड़े पर बैठना अनुचित माना जाता था, जिसके बाद ‘साइड-सैडल’ यानी एकतरफा बैठने का यह तरीका शाही महिलाओं का प्रतीक बन गया।
रानी लक्ष्मीबाई की परंपरा बनाम ब्रिटिश सोच
/grehlakshmi/media/media_files/wp-content/uploads/2025/12/woman-on-bike.webp)
जेनिथ बताती हैं कि भारत का प्राचीन इतिहास इस औपनिवेशिक सोच से बिल्कुल अलग रहा है। 1857 की क्रांति की नायिका वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई ने घोड़े पर दोनों तरफ पैर डालकर युद्ध लड़े थे और भारतीय संस्कृति में महिलाओं के साहस और खुलेपन का लंबा इतिहास रहा है। लेकिन ब्रिटिश हुकूमत के दौर में अंग्रेजों की यह विक्टोरियन सोच भारत पहुंची और धीरे-धीरे सामाजिक मर्यादा का हिस्सा बन गई। कालांतर में जब घोड़ों की जगह मोटरसाइकिलों ने ली, तो वही औपनिवेशिक आदत आज तक कायम रह गई।


