
Ranchi News: राजधानी रांची में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। ताजा मामला नामकुम थाना क्षेत्र के लोहडीह का है, जहां बाजार में दिनदहाड़े फल खरीद रही एक महिला से बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेजी से बाइक भगाते हुए मौके से फरार हो गए। भरी दोपहर बाजार में हुई इस घटना से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के बीच दहशत का माहौल बन गया है।
बाजार में अचानक झपट्टा


जानकारी के अनुसार, पीड़िता लोहडीह स्थित स्थानीय बाजार में फल खरीद रही थी। उसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। महिला को व्यस्त देख पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उसके गले से चेन खींच ली। अचानक हुए इस हमले से जब तक महिला संभल पाती और शोर मचाती, तब तक दोनों अपराधी मुख्य सड़क की ओर तेजी से निकल भागे।
CCTV में कैद हुई वारदात
छिनतई की यह पूरी घटना आसपास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बाइक सवार बदमाशों की गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं। घटना की सूचना मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में लिया।
फुटेज के आधार पर तलाश
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक के नंबर और दोनों अपराधियों के हुलिए की शिनाख्त करने में जुटी है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर जांच की जा रही है और जल्द ही दोनों आरोपियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


