
Ranchi News: त्योहार की दहलीज़ पर खड़े एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उस वक्त पलक झपकते ही उजड़ गईं, जब शुक्रवार शाम घर के बाहर खेल रहा ढाई वर्षीय मासूम अचानक गायब हो गया। रातभर चली सघन तलाशी और चीख-पुकार के बाद शनिवार की सुबह घर के करीब बहने वाली नदी की झाड़ियों में जब उसका बेजान जिस्म फंसा मिला, तो परिजनों की चीखों से पूरा इलाका दहल उठा। राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित छप्पन सेट कुम्हारटोली में घटी इस हृदयविदारक घटना ने जहां हर आंख नम कर दी है, वहीं पीड़ित परिवार ने इसे महज एक हादसा मानने से इनकार करते हुए इलाके में बेखौफ घूम रहे नशेड़ियों और गंजेड़ियों पर गंभीर आशंका जताई है। पुलिस ने शव का रिम्स में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद नम आंखों से बच्चे को पास के श्मशान घाट में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
खेलते-खेलते ओझल हुआ मासूम, झाड़ियों में फंसा मिला शव
मृतक बच्चे की पहचान ढाई वर्षीय अर्णव कुमार के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता आकाश कुमार उर्फ कारू और मनीषा का इकलौता चिराग था। पिता आकाश ठेले पर ‘गिरीश चाट’ की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शुक्रवार की शाम अर्णव घर के बाहर रोज की तरह खेल रहा था, तभी अचानक वह लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो बदहवास परिजन शाम सात बजे डोरंडा थाने पहुंचे। मासूम के लापता होने की खबर मिलते ही थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और बस्ती के ठीक पीछे बहती नदी की दिशा में खोजबीन शुरू कराई।

NDRF और डॉग स्क्वॉड ने रातभर छाना कोना-कोना
घर से सटी नदी को देखते हुए यह अंदेशा जताया गया कि बच्चा कहीं ढलान से पानी में तो नहीं गिर गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एनडीआरएफ (NDRF) और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। एनडीआरएफ के गोताखोरों और पुलिस की टीम ने टॉर्च की रोशनी में रात करीब तीन बजे तक नदी के चप्पे-चप्पे को खंगाला, लेकिन रात के सन्नाटे में अर्णव का कोई पता नहीं चल सका। सुबह करीब आठ बजे जब रोशनी फैली, तो घर से कुछ ही दूरी पर कम पानी वाले स्थान में झाड़ियों के बीच बच्चे का शव फंसा दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत पानी में डूबने से होने की आशंका है, हालांकि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
‘किसी अजनबी के साथ कभी नहीं जाता था अर्णव’, परिजनों का गहरा शक
अर्णव की मौत ने उसके माता-पिता की दुनिया ही उजाड़ दी है। रो-रोकर उनका बुरा हाल है और वे बार-बार बेसुध हो रहे हैं। पड़ोसियों का कहना है कि अर्णव बेहद भोला-भाला और चंचल जरूर था, लेकिन वह अजनबियों से सख्त दूरी बनाकर रखता था। वह अपने माता-पिता और परिजनों के अलावा न तो किसी से कोई खाने की चीज लेता था और न ही किसी के बहकाने या बुलाने पर कहीं जाता था। ऐसे में वह अचानक नदी के गहरे या दलदली हिस्से तक कैसे पहुंच गया, यह सवाल परिजनों और स्थानीय लोगों के गले नहीं उतर रहा है। परिजनों का साफ आरोप है कि इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों या नशेड़ियों की वजह से यह अनहोनी हुई हो सकती है।
पोखरटोली से एयरपोर्ट मैदान तक नशा गिरोहों का खुला अड्डा
घटना के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी फूट पड़ा है। परिजनों और मोहल्लेवासियों का कहना है कि श्मशान घाट और नदी के उस पार नशेड़ियों का चौबीसों घंटे जमावड़ा लगा रहता है। डोरंडा, मनीटोला, पोखरटोली, एयरपोर्ट मैदान और ख्वाजा नगर नाला के आसपास के खुले मैदान स्मैकियों और गंजेड़ियों के सुरक्षित ठिकाने बन चुके हैं। दिन-दहाड़े युवा वहां खुलेआम नशा करते दिखते हैं। खुला इलाका होने की वजह से दूसरे मोहल्लों के असमाजिक तत्व भी यहां आकर डेरा जमाते हैं। आए दिन नशे की हालत में ये युवक राहगीरों से उलझ जाते हैं, गाली-गलौज और मारपीट करते हैं, जिससे इलाके के सभ्य नागरिकों का जीना मुहाल हो गया है।
पुलिस गश्त पर सवाल, सख्त निगरानी की उठी मांग
स्थानीय निवासियों का सीधा आरोप है कि इन संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग लगभग नदारद रहती है। गश्त नहीं होने के कारण नशेड़ियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे नशे के सुरूर में किसी भी संगीन वारदात को अंजाम देने से नहीं हिचकते। मोहल्ले के लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस के आला अफसरों से मांग की है कि नदी किनारे, श्मशान घाट और मैदानों में चल रहे नशा अड्डों पर अविलंब बुलडोजर चलाया जाए और नियमित पुलिस पिकेट तैनात की जाए, ताकि किसी और परिवार का चिराग इस तरह असमय न बुझे।


