
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली के अवसर पर पटना की एक झुग्गी बस्ती में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों के साथ त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने लोगों के बीच मिठाइयां और उपहार के पैकेट बांटे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बिहार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बिहार के सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी आदिवासी, दलित तथा अति पिछड़ा वर्ग के लोगों के बीच जाकर दीपावली मनाएं और उनके सुख-दुख में शामिल हों।

1 दिसंबर से बिजली सब्सिडी में स्वैच्छिक योगदान का अभियान
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से गरीब परिवारों के घरों में रोशनी पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि बिहार के 1.92 करोड़ परिवारों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों से बिजली सब्सिडी में स्वेच्छा से योगदान देने की भी अपील की है। इसके लिए 1 दिसंबर से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत जो उपभोक्ता अपनी इच्छा से बिजली सब्सिडी में योगदान देना चाहते हैं, उन्हें इसके लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
LPG सब्सिडी छोड़ने की अपील का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने इस पहल की तुलना प्रधानमंत्री की ओर से की गई LPG सब्सिडी छोड़ने की अपील से की। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री ने सक्षम लोगों से स्वेच्छा से गैस सब्सिडी छोड़ने का आग्रह किया था, उसी तरह बिहार सरकार भी बिजली सब्सिडी में स्वैच्छिक योगदान के लिए लोगों को प्रेरित कर रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार प्रत्येक परिवार को सालाना लगभग 10 हजार रुपये की बिजली सब्सिडी देती है। उन्होंने सक्षम उपभोक्ताओं से इस योजना में स्वेच्छा से योगदान देने की अपील की।


