
Kartik Amavasya: कार्तिक अमावस्या के पावन अवसर पर देश के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ स्थल रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर में काली पूजा को लेकर भव्य तैयारियां की गई हैं। इस खास मौके पर पूरे मंदिर परिसर को मनमोहक फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से भव्य रूप दिया गया है। रात भर पूरा मंदिर प्रांगण दूधिया रोशनी में जगमगाएगा। मंदिर परिसर में चारों तरफ गूंजते आध्यात्मिक मंत्रों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। कार्तिक अमावस्या की रात को तंत्र साधना और मां की आराधना के लिए बेहद फलदायी माना जाता है।
साल में केवल एक बार रात भर खुला रहता है मंदिर का मुख्य पट
पुजारियों के अनुसार पूरे साल में पड़ने वाली बारह अमावस्या तिथियों में कार्तिक अमावस्या का महत्व सबसे विशिष्ट माना गया है। परंपरा के अनुसार केवल इसी विशेष रात को मां छिन्नमस्तिके मंदिर का मुख्य कपाट रात भर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहता है। मान्यता है कि कार्तिक अमावस्या की पावन निशा में मां के दरबार में हाजिरी लगाने और शीश नवाने वाले हर भक्त की सभी मनोकामनाएं अवश्य पूरी होती हैं।

हवन कुंडों और जंगलों में तंत्र सिद्धि के लिए जुटे साधक
इस महापर्व पर देश के कोने-कोने से तांत्रिक, अघोरी और साधक रजरप्पा धाम पहुंचे हैं। अपनी तंत्र-मंत्र विद्या की सिद्धि के लिए साधक मंदिर प्रक्षेत्र में बने विभिन्न हवन कुंडों में आहुतियां डालकर विशेष अनुष्ठान कर रहे हैं। वहीं कई साधक अपनी तांत्रिक साधना को पूर्ण करने के लिए आसपास के घने जंगलों में बैठकर गुप्त साधना में लीन हैं। भारी भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।


