
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी ब्यूरो की टीम ने दीपावली के दिन बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को टीम ने पांच लाख रुपये रिश्वत लेते पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को गिरफ्तार किया। वह मधुबनी पथ प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात हैं।
निगरानी टीम ने उन्हें पटना के रामनगरी, आशियाना स्थित शिव पार्वती गृह अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर सी-303 से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद फ्लैट की तलाशी ली गई, जिसमें 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के आभूषण और संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज मिले।

निगरानी ब्यूरो के अनुसार, रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन निवासी अरुण कुमार सिंह ने कार्यपालक अभियंता के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी।
दो सड़क परियोजनाओं के भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, मधुबनी पथ प्रमंडल के तहत राजनगर-बाबूबरही-खुटौना में करीब 1.2 किलोमीटर सड़क निर्माण का काम हुआ है। इस परियोजना की कुल लागत 5.78 करोड़ रुपये बताई गई है।
इसके अलावा स्टेडियम चौक, महाराजगंज चौक और सूड़ी हाई स्कूल से संबंधित करीब 2.4 किलोमीटर सड़क निर्माण का काम भी चल रहा है। इस परियोजना की लागत 13.48 करोड़ रुपये है।
19.50 लाख रुपये की मांग, तत्काल देने थे पांच लाख
शिकायत में बताया गया कि पहली सड़क का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसके लिए 50 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। दूसरी सड़क का लगभग 25 प्रतिशत काम पूरा हुआ है, जिसके एवज में 1.41 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
दोनों योजनाओं में करीब 6.50 करोड़ रुपये का भुगतान शेष होने की बात कही गई है। आरोप है कि कार्यपालक अभियंता ने बकाया राशि के तीन प्रतिशत के हिसाब से 19.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसमें से तत्काल पांच लाख रुपये देने को कहा गया था।
निगरानी टीम ने जाल बिछाकर किया गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। ब्यूरो के मुताबिक, सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में धावा दल गठित किया गया। टीम ने रविवार को जाल बिछाकर पांच लाख रुपये रिश्वत लेते कार्यपालक अभियंता को गिरफ्तार कर लिया।
फ्लैट से नकदी, आभूषण और संपत्ति के दस्तावेज बरामद
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने आरोपी के फ्लैट की तलाशी ली। इस दौरान 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और शेयर तथा एलआईसी में निवेश से संबंधित कागजात मिले। इसके अलावा सात बैंक खातों, जमीन और फ्लैट से जुड़े दस्तावेज तथा लॉकर की चाबी और उससे संबंधित कागजात भी बरामद किए गए हैं।
परिजनों के नाम पर संपत्ति की भी होगी जांच
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, आरोपी और उनके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बरामद आभूषणों का मूल्यांकन भी कराया जा रहा है। मामले में आगे की तलाशी और अनुसंधान जारी है। गिरफ्तार कार्यपालक अभियंता को पूछताछ के बाद निगरानी के विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।


