
Koderma News: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत गौशाला रोड पर डॉक्टर नरेश पंडित अस्पताल के ठीक सामने स्थित एक हार्डवेयर दुकान में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में सेंधमारी कर अंदर रखे कीमती हार्डवेयर सामान और गल्ले से नकदी उड़ा ली। घटना का खुलासा रविवार सुबह उस वक्त हुआ जब दुकान संचालक दुकान खोलने पहुंचे।
दुकान खोलते ही बिखरा मिला सामान, गल्ले से नकदी गायब
दुकान संचालक राहुल कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वे बीती रात करीब दस बजे अपनी दुकान का शटर बंद कर घर चले गए थे। रविवार की सुबह करीब आठ बजे जब वे दुकान पहुंचे और मुख्य शटर खोला, तो अंदर का सारा सामान फर्श पर अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। जब उन्होंने काउंटर के गल्ले की जांच की तो उसमें रखे बीस हजार रुपये नकद गायब मिले।

पांच इंच की दीवार काटकर अंदर घुसे थे चोर
दुकान के भीतर जब गहनता से पड़ताल की गई, तो पता चला कि दुकान के पिछले हिस्से में बनी महज पांच इंच की दीवार में चोरों ने बड़ा छेद कर रखा था। चोर उसी रास्ते से भीतर दाखिल हुए और महंगे हार्डवेयर उपकरण व नकदी समेटकर फरार हो गए। पीड़ित संचालक के अनुसार इस सेंधमारी में उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
पुलिस पेट्रोलिंग वाले क्यूआर कोड के ठीक पीछे वारदात
घटना के बाद इलाके में पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस दुकान को चोरों ने निशाना बनाया, उसी दुकान के बाहर कोडरमा पुलिस का पेट्रोलिंग क्यूआर कोड चस्पा है, जिसे स्कैन कर गश्ती दल अपनी मौजूदगी दर्ज कराता है। संचालक की सूचना पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर अज्ञात चोरों की शिनाख्त में जुट गई है।


