
Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक बुढ़वा महादेव मंदिर में निर्माण कार्य और स्वामित्व अधिकार को लेकर दो गांवों के बीच विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। मंदिर पर वर्चस्व को लेकर कांडतरी और गुरुचट्टी गांव के सैकड़ों ग्रामीण आमने-सामने आ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ। इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
निर्माण कार्य से उपजा विवाद
मामले की जड़ मंदिर परिसर में कराया जा रहा निर्माण कार्य है। आरोप है कि कांडतरी गांव के लोगों ने हाल ही में मंदिर परिसर में निर्माण कार्य शुरू कराया था, जिसका गुरुचट्टी गांव के ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया। गुरुचट्टी के लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर निर्माण पर रोक लगाने की गुहार लगाई थी। हालांकि, प्रशासन के स्तर पर समय रहते कोई ठोस समाधान नहीं निकाले जाने के कारण दोनों पक्षों के बीच कड़वाहट और अविश्वास बढ़ता चला गया।

शनिवार रात मारपीट और तोड़फोड़
विवाद की चिंगारी शनिवार देर रात उस समय भड़की जब गुरुचट्टी गांव के कुछ श्रद्धालु बुढ़वा महादेव मंदिर में दीप प्रज्वलित करने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। आरोप है कि कांडतरी के ग्रामीणों ने गुरुचट्टी गांव के अध्यक्ष, सचिव और अन्य लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान उपद्रवियों ने बुढ़वा महादेव विकास सह शांति समिति के अध्यक्ष दामोदर प्रसाद मेहता की डस्टर गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे तनाव चरम पर पहुंच गया।
दुकानें बंद कराने के बाद पथराव
शनिवार रात की घटना के विरोध में रविवार सुबह गुरुचट्टी गांव में कांडतरी के ग्रामीणों की दुकानों को जबरन बंद करा दिया गया। इसके जवाब में कांडतरी गांव के लोग लामबंद होकर गुरुचट्टी की ओर बढ़ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए और भीषण पत्थरबाजी शुरू हो गई। अचानक हुए पथराव से बाजार और आसपास के रिहायशी इलाकों में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में
हिंसक टकराव की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत और घेराबंदी के बाद दोनों पक्षों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। बड़कागांव एसडीपीओ (SDPO) अमित आनंद ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दोनों पक्षों के प्रबुद्ध लोगों से वार्ता कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आगामी त्योहारों के मद्देनजर लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। इलाके में एहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।


