
Sahibganj: साहिबगंज के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी फाटक के पास देर रात करीब 2 बजे हुई गोलीबारी में 45 वर्षीय मुन्ना साह की मौत हो गई। गोली सीधे उनके सिर में लगी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रेहान ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी बेहद नाजुक स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस जवान पर आरोप, सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली!
मृतक के बेटे ने सीधा आरोप लगाया है कि उनके पिता को पवन कुमार शाह ने गोली मारी है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी पवन कुमार शाह जिला पुलिस का जवान है और आरोप है कि उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था या गोली चलाने की असली वजह क्या थी, यह बात अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता और जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पवन शाह को पकड़ लिया है और उसे हिरासत में रखकर घटना की वजहों को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


