
Ranchi: झारखंड में सरकारी आवासों के पुनर्आवंटन को लेकर दीपावली के ठीक एक दिन पहले सियासी विवाद खड़ा हो गया। बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का रांची के धुर्वा स्थित सरकारी आवास प्रशासनिक स्तर पर खाली करा लिया गया। भवन निर्माण विभाग ने यह आवास भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 2006 बैच के अधिकारी एवं पुलिस महानिरीक्षक (मानवाधिकार) क्रांति कुमार गडिदेशी को आवंटित किया है। आवास खाली कराए जाने के बाद नाराज पूर्व विधायक ने मकान के बाहर ही टेंट लगाकर कड़ा विरोध दर्ज कराया और अपने परिजनों, समर्थकों व सुरक्षाकर्मियों के साथ टेंट में ही दीपावली के दीये जलाए।
टेंट लगाकर रातभर विरोध प्रदर्शन
धुर्वा स्थित HEC परिसर का यह सरकारी आवास पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के पास था। कुटे में नए विधानसभा परिसर के समीप विधायकों के लिए नए आवास बन जाने के बाद पुराने सरकारी आवासों को प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों को आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी के तहत शनिवार को जब उनका आवास खाली कराया गया, तो अंबा प्रसाद ने छोटी दीपावली के दिन हुई कार्रवाई पर गहरा क्षोभ जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग लगातार उनके और उनके परिवार के खिलाफ दुर्भावना से काम कर रहे हैं। अचानक त्योहार के मौके पर बेदखल किए जाने के विरोध में वे दूसरी जगह जाने के बजाय आवास के मुख्य द्वार के बाहर टेंट लगाकर देर रात तक डटी रहीं।


11 IPS अफसरों को आवास का नया आवंटन
भवन निर्माण विभाग ने 6 अगस्त 2026 को विभागीय मंत्री की अध्यक्षता में हुई राजपत्रित आवास आवंटन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर 7 अक्टूबर 2026 को 11 आईपीएस अधिकारियों को आवास आवंटन का आधिकारिक आदेश जारी किया था। इसके तहत राज्य के वरीय पुलिस अफसरों को धुर्वा, डोरंडा और दीनदयाल नगर में आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
अफसरों को आवंटित आवासों का ब्योरा
जारी आवंटन सूची के अनुसार IG (संगठित अपराध, CID) असीम विक्रांत मिंज को धुर्वा सेक्टर-3 स्थित F-49 और IG (मानवाधिकार) क्रांति कुमार गडिदेशी को धुर्वा सेक्टर-3 स्थित F-44 आवंटित किया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय के IG राकेश बंसल को धुर्वा सेक्टर-2 में ई-09, विशेष शाखा के DIG मनोज रतन चोथे को धुर्वा सेक्टर-2 में ई-05 और गृह रक्षा वाहिनी व अग्निशमन सेवा के DIG मो. अर्शी को डोरंडा स्थित D-7/28 आवास मिला है।
नेपाल हाउस डोरंडा और अन्य क्षेत्रों में आवंटित आवासों के तहत विशेष शाखा के एसपी (स्थापना) हुरदीप पी. जनार्दनन को D-14/28, SIB SP सौरभ को डी-16/28, CID SP पूज्य प्रकाश को D-19/28, CID SP रोशन गुड़िया को डी-11/28 तथा कोतवाली के ASP निखिल राय को 01/18 आवास दिया गया है। वहीं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के SP सुमित कुमार अग्रवाल को बूटी रोड, दीनदयाल नगर में नया डी-01 आवास आवंटित किया गया है।


