
Palamu: पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुए एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गहर पथरा गांव निवासी दीनानाथ रजक के पुत्र रविन कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविन रविवार शाम करीब 6:30 बजे अपनी बाइक से सीरमा बाजार दिवाली की खरीदारी करने गया था। सामान लेकर घर लौटने के दौरान रास्ते में अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से सीधे टकरा गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पोस्टमार्टम के बाद प्रक्रिया शुरू
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रविन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सोमवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी के अधिकारियों ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।



