
Ranchi: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में दो दिनों से बंद पड़े एक कमरे से पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। स्थानीय लोगों और शुरुआती जांच के अनुसार, व्यक्ति की मौत करीब दो दिन पहले ही हो चुकी थी और शव कमरे के भीतर ही पड़ा रहा। घटना का खुलासा तब हुआ जब बंद कमरे से अचानक तेज बदबू आने लगी। इससे आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत अरगोड़ा थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला, जो आंशिक रूप से डिकम्पोज होने लगा था।
बुजुर्ग मां के साथ रहता था मृतक, मांगकर करते थे गुजारा

अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश गोराई ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में यह बात सामने आई है कि मृतक अपनी बुजुर्ग मां के साथ उस कमरे में रहता था। दोनों की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी और वे मांगकर किसी तरह अपना जीवन-यापन कर रहे थे।
शव को रिम्स भेजा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आगे की जांच में जुटी है।


