
Jamshedpur: जमशेदपुर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर तीन स्थित बहरा मैदान के समीप दो युवकों को गोली लग गई। अचानक हुई गोलीबारी के बाद मौके पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल युवकों को आनन-फानन में इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल यानी टीएमएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

घर में घुसकर मारपीट, फिर पीछा करने पर चलाई गोली
घटना के प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद सद्दाम के अनुसार करीब दस से बीस अज्ञात युवक अचानक उनकी बहन के घर पहुंचे और उनके भाई की तलाश करने लगे। युवकों ने घर में मौजूद बड़े भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की सूचना पाकर सद्दाम जब कपाली से भागते हुए वहां पहुंचे, तो आरोपी युवक मौके से भागने लगे। आरोप है कि जब उनका पीछा किया गया, तब चना वसीम और उसके साथ मौजूद तीन-चार अन्य साथियों ने मस्जिद के पास पहुंचकर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं।


भतीजे पर तानी पिस्टल, बीच-बचाव में दो लोग घायल
सद्दाम का कहना है कि हमलावरों ने उनके भतीजे पर भी सीधी पिस्टल तान दी थी। इसी विवाद और अफरा-तफरी के बीच साकिब नूर को गोली लग गई। वहीं शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे परवेज भी गोली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गोलीबारी की इस दुस्साहसिक वारदात के बाद आरोपी मौके से हथियार लहराते हुए फरार हो गए।


