
Ranchi Jashn-E-Urdu: विश्व उर्दू दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी रांची के कडरू स्थित हज हाउस में 10 नवंबर को भव्य जश्न उर्दू कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस विशेष जलसे में उर्दू साहित्य, शायरी, उर्दू पत्रकारिता और भाषा के संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्ध साहित्यकारों व कलमकारों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम में एक शानदार मुशायरे का भी आयोजन होगा, जहां नामचीन शायर अपने कलाम पेश कर महफिल को गुलजार करेंगे।

अंजुमन मुसाफिर खाना में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस
आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर सोमवार को मेन रोड स्थित अंजुमन मुसाफिर खाना में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी साहफ़ी पत्रकार संघ संभाल रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने उर्दू भाषा के ऐतिहासिक महत्व, प्रचार प्रसार और इसके सामाजिक विकास पर विस्तार से चर्चा की।

आम बोलचाल में रची-बसी है उर्दू, संरक्षण जरूरी
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पत्रकार आशिफ नईम ने कहा कि उर्दू तहजीब और मिठास की जुबान है, जिसके अनगिनत अल्फाज आज भी हमारी आम बोलचाल में सहजता से इस्तेमाल होते हैं। उन्होंने कहा कि जश्न उर्दू का उद्देश्य केवल हस्तियों को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि आम अवाम को इस जुबान की समृद्ध विरासत से जोड़ना है। उन्होंने सरकार से भी उर्दू के संरक्षण और विकास के लिए विशेष नीतिगत पहल करने का आग्रह किया।
डॉ. इरफान अंसारी और बंधु तिर्की समेत कई हस्तियां होंगी शामिल
कार्यक्रम में उर्दू साहित्य और पत्रकारिता से जुड़े कई गणमान्य लोगों के साथ-साथ राजनीतिक हस्तियों के भी शिरकत करने की उम्मीद है। आयोजन में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और विधायक शिल्पी नेहा तिर्की सहित कई अन्य प्रमुख लोग मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। आयोजकों ने बताया कि इस जलसे के जरिए उर्दू भाषा, संस्कृति और साहित्य को एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।


