
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव आज 37 साल के हो गए। उनके जन्मदिन पर जहां राजद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला, वहीं राजनीतिक विरोधी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी। पूर्व मंत्री श्याम रजक ने शुभकामनाएं देने के साथ तेजस्वी को अपने व्यवहार और सोच में परिपक्वता लाने की सलाह भी दी। वहीं, JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
श्याम रजक बोले- अब बचपना वाला व्यवहार नहीं करें
पूर्व मंत्री श्याम रजक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि तेजस्वी यादव अब 37 साल के हो गए हैं और उन्हें अपनी उम्र के अनुरूप सोच और व्यवहार रखना चाहिए।उन्होंने कहा, “अब युवा की जो सोच होती है, उसके अनुसार काम करें और व्यवहार करें। जब उम्र बढ़ जाए तो सोच को ऊंचा करना चाहिए। अब बचपना वाला व्यवहार नहीं करें।”

श्याम रजक ने तेजस्वी को सकारात्मक सोच के साथ विपक्ष की भूमिका निभाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उनकी शुभकामना है कि तेजस्वी सकारात्मक तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाएं, इससे उन्हें सफलता मिलेगी। उन्होंने तेजस्वी के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की।
संजय झा ने भी सोशल मीडिया पर दी बधाई
JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी तेजस्वी यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, “बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर आपको स्वस्थ रखें।”
परिवार के साथ तेजस्वी ने काटा जन्मदिन का केक
तेजस्वी यादव का जन्मदिन परिवार में भी उत्साह के साथ मनाया गया। रात 12 बजे तारीख बदलने के बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ केक काटा। उनकी बड़ी बहन मीसा भारती ने केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।
इस मौके पर मीसा भारती और तेजस्वी की पत्नी राजश्री मौजूद रहीं। बहन ने उन्हें जन्मदिन पर आशीर्वाद दिया, जबकि पत्नी ने शुभकामनाएं दीं। परिवार के सदस्यों ने इस मौके पर खुशियां साझा कीं।
राजद कार्यालय में रक्तदान कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं ने पहनाया चांदी का मुकुट
तेजस्वी यादव के जन्मदिन को लेकर राजद कार्यालय में भी खास आयोजन किया गया। पार्टी कार्यालय के बाहर उन्हें शुभकामनाएं देने वाले बड़े-बड़े बैनर लगाए गए। पार्टी की ओर से उन्हें बिहार का भविष्य बताया गया।
सोमवार को राजद प्रदेश कार्यालय में तेजस्वी के 37वें जन्मदिन के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर तेजस्वी यादव ने केक काटा। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर जन्मदिन की बधाई दी।
तेजस्वी यादव का जन्म 9 नवंबर 1989 को बिहार के गोपालगंज में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वह क्रिकेट खेलते थे। वह बिहार में दो बार उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। दोनों ही बार उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में यह जिम्मेदारी संभाली थी।


