
मांझी (सारण): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 12 नवंबर को सारण जिले के मांझी पहुंचेंगे। इस दौरान वह देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही नवनिर्मित अटल राम घाट का भी उद्घाटन किया जाएगा। इस घाट का निर्माण महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की पहल पर कराया गया है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मांझी में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दलन सिंह हाई स्कूल परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेगा। यहां वह विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद रामघाट पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण और नवनिर्मित घाट का उद्घाटन करेंगे।

विकास योजनाओं का भी लेंगे जायजा
मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल उद्घाटन कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। इस दौरान मांझी में चल रही विकास योजनाओं की भी झलक देखने को मिलेगी। नगर पंचायत मांझी की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
इनमें आकर्षक पार्क एवं वाटिका, जीविका कैफे और दो यज्ञशालाओं का निर्माण शामिल है। इन योजनाओं को अंतिम रूप देने के लिए नगर पंचायत और संबंधित विभागों के अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। कोशिश है कि 12 नवंबर से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें मुख्यमंत्री के दौरे पर टिकी हैं। अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण और अटल राम घाट का उद्घाटन मांझी के लिए महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।


