
मोतिहारी: भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने संयुक्त कार्रवाई की है। पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानों थाना क्षेत्र में टीम ने 2.050 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया गया है।
नेपाल से मादक पदार्थ लाने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को SSB की 71वीं वाहिनी के महुआवा ए समवाय को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नेपाल से मादक पदार्थ लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए रक्सौल एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।

इसके बाद पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने छौड़ादानों थाना क्षेत्र के धरहरी गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के समीप वाहन जांच अभियान चलाया।
ई-रिक्शा में छिपाकर रखी गई थी खेप
जांच के दौरान एक ई-रिक्शा की तलाशी ली गई। इसमें छिपाकर रखा गया 2.050 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छौड़ादानों थाना क्षेत्र के मसही निवासी फिरोज अहमद, जीतपुर निवासी विपिन कुमार और नेपाल के बारा जिले के सिमरौनगढ़ थाना क्षेत्र के पकड़िया (चिकनी) निवासी दिलीप कुमार के रूप में हुई है।
ई-रिक्शा जब्त, तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे पहुंचाया जाना था।
(प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)


