
Deoghar: देवघर पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत मधुपुर थाना क्षेत्र से एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुपुर थाना क्षेत्र के आमतल्ला भेड़वा निवासी दीपक कुमार दास (24 वर्ष, पिता जुगल दास) के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर आम लोगों को चूना लगा रहे हैं, जिसके आधार पर छापेमारी कर आरोपी को दबोचा गया।
ठगी का तरीका और बरामदगी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank तथा Google पर PhonePe का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को कॉल करता था और उन्हें झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।



