
Lohardaga : लोहरदगा शहर के मिशन चौक स्थित उद्योगपति दीपक कुमार जायसवाल के घर में सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि घर के कई कमरे और परिसर में खड़ी कार जलकर राख हो गई। इस अगलगी में लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान जताया गया है। घटना के समय पंकज जायसवाल ने बालकनी से छत पर कूदकर अपनी जान बचाई, वहीं दीपक जायसवाल और उनके बेटे को मामूली चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, कारणों की जांच जारी


घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। सुबह-सुबह हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के मुख्य कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और स्थिति सामान्य करने के साथ जांच की जा रही है।



