
Dhanbad: धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारीडीह इलाके में दिवाली की रात एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया। यहां एक किराये के मकान में बंद कमरे के भीत असर से 21 वर्षीय मोहम्मद गुलाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 20 वर्षीय पत्नी अष्टमी कुमारी और छह महीने की मासूम बच्ची अचेत अवस्था में पाई गईं। दोनों को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिवाली की रात का घटनाक्रम
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात लक्ष्मी पूजा और खान-पान के बाद दंपती अपनी छह माह की बच्ची के साथ कमरे के सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद कर सो गए थे। रात करीब 11:30 बजे पत्नी की नानी रेखा देवी छाताबाद से मिलने पहुंची थीं। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन कमरे के भीतर से कोई हलचल न होने पर वे अनहोनी से बेखबर होकर पूरी रात मकान के बाहर ही सो गईं।

सुबह दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर
अगली सुबह करीब छह बजे नानी ने उठकर दोबारा दरवाजा खटखटाया और आवाजें दीं। जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने घबराकर शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल कतरास थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर तीनों अचेत पड़े मिले और कमरे में कोयले का चूल्हा सुलग रहा था।
युवक मृत घोषित, मां-बेटी का इलाज जारी
पुलिस और पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को कतरास स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मोहम्मद गुलाम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से अचेत पत्नी अष्टमी कुमारी और मासूम बच्ची का सघन चिकित्सीय निगरानी में इलाज जारी है।
जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका
मृतक के परिजनों के मुताबिक, ठंड से बचाव और पूजा के कारण कमरे के भीतर कोयले का चूल्हा जलाकर रखा गया था। वेंटिलेशन न होने के कारण बंद कमरे में कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस भर गई, जिससे दम घुटने की स्थिति बन गई। पुलिस प्रथम दृष्टया जहरीले धुएं के कारण दम घुटने से मौत मान रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।


