
Sahibganj: साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी फाटक के समीप देर रात करीब दो बजे बेखौफ अपराधियों ने एक व्यक्ति की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 45 वर्षीय टेंट हाउस संचालक मुन्ना साह के रूप में की गई है। घटना के समय मुन्ना साह पूर्वी फाटक इलाके में मौजूद थे, तभी हमलावरों ने बेहद नजदीक से उनके सिर को निशाना बनाकर गोली दाग दी। गोली लगते ही वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और खून से लथपथ मुन्ना साह को उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि रास्ते में ले जाने के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।

पुलिस जवानों पर हत्या का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार
मृतक मुन्ना साह के बेटे ने पवन कुमार साह और उसके एक साथी पर गोली चलाने का सीधा आरोप लगाया है। दोनों आरोपी झारखंड पुलिस में पदस्थापित जवान बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक बोकारो जिला बल में तैनात है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और दोनों आरोपी जवानों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए जवानों में से एक धनबाद का और दूसरा देवघर का निवासी बताया जा रहा है। हत्या के पीछे के सटीक कारणों का अभी तक पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती तफ्तीश में इसे आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
SP बोले, जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर होगा पूरे मामले का खुलासा
इस सनसनीखेज वारदात को लेकर साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि टेंट कारोबारी की हत्या के आरोप में झारखंड पुलिस के दो जवानों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा। SP ने कहा कि पुलिस टीम घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही विधिवत प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर वारदात की पूरी वजह और गिरफ्तार जवानों के नामों की आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।


