
Bokaro news: बोकारो जिले में एक बार फिर बेकाबू और तेज रफ्तार का जानलेवा कहर देखने को मिला है। पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत घटियाली पूर्वी सामुदायिक भवन के समीप एक अज्ञात वाहन ने सड़क से गुजर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तलैया गांव स्थित अपने घर वापस जा रहा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक जरीडीह थाना क्षेत्र के तलैया गांव का निवासी था। वह अपने बड़े भाई के घर चावल पहुंचाने के लिए आया हुआ था। बड़े भाई को चावल सौंपने के बाद वह वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान घटियाली पूर्वी सामुदायिक भवन के पास सामने से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक तेजी से मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने शव को लिया कब्जे में, जांच में जुटी
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोड़ा थाना की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर टक्कर मारकर भागे अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास में जुट गई है।


