
Hazaribagh accident: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत दनुआ घाटी में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया। गिरिडीह से 90 वर्षीय बुजुर्ग कुंजो प्रजापति का पार्थिव शरीर लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहा एक सवारी वाहन भीषण दुर्घटना की चपेट में आ गया। घाटी में टैंकर और ट्रक के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत की जद में यह वाहन भी आ गया। इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जबकि बारह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में पांच लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दो लोगों की सांसें अस्पताल में इलाज के दौरान थम गईं।
पिता की अंतिम इच्छा पूरी करने वाराणसी जा रहा था परिवार
यह हृदयविदारक घटना गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड अंतर्गत मुंडरो पंचायत के बिहारो गांव स्थित सलैयाटांड़ टोले के एक ही परिवार और उनके संबंधियों पर कहर बनकर टूटी है। ग्रामीणों के अनुसार 90 वर्षीय बुजुर्ग कुंजो प्रजापति का रविवार को निधन हो गया था। बुजुर्ग की अंतिम इच्छा थी कि उनका दाह संस्कार मोक्ष की नगरी वाराणसी में किया जाए। परिवार ने उनकी इसी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए पार्थिव देह को वाराणसी ले जाने का फैसला किया था।

सुबह मुंबई से घर लौटा था बेटा, हादसे में गंवाई जान
मृतक बुजुर्ग के छोटे पुत्र राजू पंडित मुंबई में रहकर नौकरी करते थे। पिता के निधन की खबर मिलते ही वे सोमवार तड़के करीब चार बजे फ्लाइट पकड़कर अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। इसके बाद एक सवारी गाड़ी में परिवार के सदस्यों, करीबी रिश्तेदारों और पड़ोसियों समेत कुल उन्नीस लोग सवार होकर सुबह वाराणसी के लिए निकले थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि रास्ते में यह भीषण अनहोनी घट जाएगी। मृतकों में बुजुर्ग के बेटे राजू पंडित, बड़ी बहू बुधनी देवी, दामाद धोकल पंडित, जीजा रामेश्वर पंडित और पड़ोसी रामकिशुन मंडल शामिल हैं।
गांव में पसरा मातम, एक साथ उठीं कई अर्थियां
हादसे की मनहूस खबर जैसे ही सलैयाटांड़ गांव पहुंची, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। जिस आंगन से सुबह बुजुर्ग की शव यात्रा निकली थी, वहां अब एक साथ परिवार के कई सदस्यों की मौत की खबर से हाहाकार मच गया। परिजनों और ग्रामीणों की चीख-पुकार से माहौल बेहद गमगीन हो गया है। दुर्घटना में घायल सभी बारह लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।


