
Garhwa news: गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीलमा गांव में रविवार को सर्पदंश से एक पांच साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। उपेंद्र प्रजापति की बेटी आराध्या कुमारी घर के पास रखे गोइठे से जलावन निकाल रही थी। इसी दौरान गोइठे में छिपे एक जहरीले सांप ने उसके पैर में डस लिया। सांप के काटते ही बच्ची की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में छाया मातम
घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मझिआंव लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने वहां तुरंत उसका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इस दुखद घटना से पूरे परिवार में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।



