
Pakur news: पाकुड़ रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के समीप रेलवे सिग्नल विभाग के कॉपर अर्थ केबल की चोरी कर ट्रेनों का परिचालन ठप करने के मामले में आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई की है। आरपीएफ पोस्ट की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो मुख्य आरोपियों शमीम अख्तर और रोनी शेख को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में शमीम अख्तर पृथ्वीनगर का और रोनी शेख चाचकी इलाके का रहने वाला है। वारदात में शामिल इनका एक अन्य साथी अमीर शेख फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
ट्रैक डिवाइस और केबल काटकर रेलवे को पहुंचाया भारी नुकसान
यह पूरी वारदात 8 नवंबर की है जब शातिर बदमाशों ने एमएसडीएसी ट्रैक डिवाइस और क्वाड केबल को काटकर कीमती कॉपर अर्थ वायर चुरा लिया था। इस हरकत से सिग्नल ट्रैक सिस्टम पूरी तरह ठप पड़ गया और रेलवे के परिचालन में भारी बाधा उत्पन्न हुई। इस चोरी के कारण रेलवे को करीब 24 हजार रुपये के राजस्व और संपत्ति का सीधा नुकसान हुआ था।

नशे की लत में बंगाल के कबाड़ी को बेचा था तांबे का तार
घटना के तुरंत बाद आरपीएफ ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की और 9 नवंबर की सुबह विशेष छापेमारी अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए खुलासा किया कि नशे की लत को पूरा करने के लिए उन्होंने इस चोरी को अंजाम दिया था। उन्होंने चुराया गया तांबे का तार पश्चिम बंगाल के एक कबाड़ी के पास मात्र 3500 रुपये में बेच दिया था।
दोबारा वारदात की तैयारी में थे आरोपी, एक फरार की तलाश जारी
पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी दोबारा उसी इलाके में चोरी करने की फिराक में घूम रहे थे। आरपीएफ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल तीसरे फरार आरोपी अमीर शेख की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उसे भी जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।


