
Jharkhand BEd admission 2026: झारखंड के B.Ed., M.Ed.और B.P.Ed. संस्थानों में सत्र 2026-28 के लिए खाली सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद यानी JCECEB ने अंतिम चक्र की ऑनलाइन काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल ऑफिशियल तौर पर जारी कर दिया है। इस अंतिम चरण की काउंसलिंग में वे सभी उम्मीदवार भी शामिल हो सकते हैं जो पहले, दूसरे, तीसरे, चौथे या विशेष चक्र की काउंसलिंग में किसी कारणवश हिस्सा नहीं ले पाए थे। इसके अलावा राज्य की मेरिट लिस्ट में शामिल ऐसे छात्र भी आवेदन कर सकेंगे जिन्हें अब तक कोई सीट अलॉट नहीं हुई थी या सीट मिलने के बाद भी वे एडमिशन नहीं ले पाए थे।
कॉलेज बदलने का भी है मौका, ध्यान रखने होंगे ये नियम
पहले के काउंसलिंग चक्रों में एडमिशन ले चुके स्टूडेंट्स के लिए भी बड़ा अपडेट है। ऐसे अभ्यर्थियों को अपना कॉलेज बदलने का शानदार मौका दिया गया है और वे खाली सीटों के आधार पर संस्थान परिवर्तन के लिए अपने विकल्प भर सकते हैं। हालांकि, इस बात का खास ध्यान रखना होगा कि अंतिम चक्र में नया संस्थान अलॉट होने पर उनका पुराना एडमिशन अपने आप रद्द हो जाएगा और नए कॉलेज में एडमिशन लेना अनिवार्य होगा।

जरूरी तारीखें और पूरा शेड्यूल
इस पूरी प्रक्रिया के तहत 10 नवंबर को खाली सीटों का विवरण यानी सीट मैट्रिक्स जारी किया जाएगा। इसके बाद 11 नवंबर से 15 नवंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया चलेगी। इसके आधार पर 17 नवंबर को अस्थायी सीट आवंटन पत्र जारी किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 18 से 23 नवंबर के बीच संबंधित संस्थानों में अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराकर एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
काउंसलिंग फीस और अधिक जानकारी
काउंसलिंग के लिए जनरल, ईडब्ल्यूएस, बीसी-1 और बीसी-2 श्रेणी के अभ्यर्थियों को 400 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी और सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। फीस का भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के जरिए किया जा सकता है। चॉइस फिलिंग के दौरान कॉलेजों के चयन की कोई सीमा नहीं है, इसलिए स्टूडेंट्स अपनी पसंद के अनुसार अधिक से अधिक कॉलेजों का विकल्प चुन सकते हैं। काउंसलिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर विजिट किया जा सकता है। किसी तरह की समस्या आने पर हेल्पलाइन नंबर 9264473893 या ईमेल jceceboard@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।


