
Jharkhand High Court: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) फिलहाल रांची के रामपुर बाजार स्थित ‘राजहंस फिलिंग स्टेशन’ के किसी भी ढांचे को ध्वस्त करने की कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। झारखंड हाईकोर्ट में एनएचएआई की ओर से दिए गए इस आश्वासन के बाद याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका वापस ले ली, जिसके बाद जस्टिस राजेश शंकर की अदालत ने मामले को वापस लेने के आधार पर निष्पादित कर दिया।
ढांचे को हटाने से रोकने के लिए दायर की गई थी याचिका
पेट्रोल पंप संचालक राजहंस मिश्रा ने झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल कर एनएचएआई को फिलिंग स्टेशन के किसी भी ढांचे, उपकरण या अन्य सुविधाओं को ध्वस्त करने, नुकसान पहुंचाने अथवा हटाने से रोकने का निर्देश देने का आग्रह किया था। यह पेट्रोल पंप रांची के रामपुर बाजार स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) के गरके क्षेत्र में प्लॉट संख्या 510 (आंशिक), खाता संख्या 58, थाना संख्या 335 की 57 डिसमिल भूमि पर संचालित है।

विधिक प्रक्रिया के पालन का NHAI ने दिया भरोसा
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान NHAI की ओर से अधिवक्ता सिद्धार्थ रंजन ने पक्ष रखा। उन्होंने अदालत को स्पष्ट किया कि वर्तमान में संबंधित भूमि पर मौजूद पेट्रोल पंप के ढांचे को हटाने या ध्वस्त करने के लिए प्राधिकरण द्वारा कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अदालत को आश्वस्त किया कि यदि भविष्य में NHAI द्वारा उक्त ढांचे को हटाने या ध्वस्त करने की आवश्यकता पड़ती है, तो विधि द्वारा स्थापित पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।
याचिका वापस लेने के आधार पर अदालत ने किया निष्पादित
NHAI की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने और विधिक प्रक्रिया के पालन का आश्वासन मिलने के बाद याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा ने अदालत से याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी। अदालत ने याचिकाकर्ता के इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए याचिका को वापस लेने के आधार पर विधिवत निष्पादित कर दिया।


