
Ranchi: रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ECG और अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठी है। इसे लेकर आजसू पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अस्पताल पहुंचकर लिपिक सह कार्यवाहक देव कुमार राम को लिखित आवेदन सौंपा।

जांच की जरूरत पड़ने पर बढ़ता है खर्च
युवा आजसू जिला प्रभारी विशु रजवार ने कहा कि अस्पताल में ECG और अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं होने से मरीजों को जांच के लिए निजी सेंटर या दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इससे खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ता है, साथ ही इलाज में समय भी ज्यादा लगता है।

उन्होंने कहा कि गोला प्रखंड के बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं। ऐसे में अस्पताल में जरूरी जांच की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को काफी सहूलियत मिल सकती है।
जल्द मशीन उपलब्ध कराने की मांग
विशु रजवार ने संबंधित अधिकारियों से मांग की कि गोला CHC में जल्द से जल्द ECG और अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया जाए। उनका कहना है कि इससे मरीजों को समय पर जांच की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें जांच के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे मौजूद
आवेदन सौंपने के दौरान युवा आजसू जिला प्रभारी अरुण दांगी, पंचायत अध्यक्ष बिक्की कुशवाहा, आजसू नेता जितेंद्र कुमार महतो, आजसू छात्र संघ प्रखंड सचिव प्रीत नायक और कार्यकारी अध्यक्ष बिक्की स्वर्णकार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


