
Giridih: गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भोलापुर गांव से मानवीय रिश्तों और मर्यादा को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने बेहद शातिराना साजिश रचते हुए पहले अपनी प्रेमिका का निकाह अपने ही बेटे से करवा दिया और उसे बहू बनाकर घर ले आया। शादी के बाद भी ससुर और बहू के बीच अवैध संबंध जारी रहे। जब इस काले सच का खुलासा हुआ और बेटे ने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया, तो आगबबूला पिता ने अपने ही बेटे पर पिस्तौल की बट से जानलेवा हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।

पिता ने प्रेमिका से कराई थी बेटे की शादी, अंधेरे में रहा सिराज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोलापुर निवासी मादिक अंसारी का एक महिला के साथ काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अपनी इस अवैध रिश्तेदारी को पारिवारिक आवरण देने और महिला को घर में रखने की नीयत से मादिक ने साजिश रची। उसने अपने बेटे सिराज अंसारी को बहला-फुसलाकर उसी महिला से उसकी शादी करा दी। सिराज को इस बात की तनिक भी भनक नहीं थी कि जिसे वह अपनी अर्धांगिनी बनाकर घर ला रहा है, उसके साथ उसके अपने पिता के पहले से अनैतिक संबंध हैं।

अवैध संबंध का खुलासा होने पर बैठी पंचायत, नहीं माना आरोपी पिता
शादी के बाद भी मादिक अंसारी और उसकी बहू के बीच अवैध संबंध बदस्तूर जारी रहे। धीरे-धीरे सिराज अंसारी को अपनी पत्नी और पिता के बीच चल रहे इस घिनौने रिश्ते की भनक लग गई। पारिवारिक स्तर पर विवाद गहराने के बाद मामले को सामाजिक बैठक (पंचायत) में सुलझाने का प्रयास किया गया। पंचायत में उपस्थित ग्रामीणों और प्रबुद्ध लोगों ने मादिक अंसारी को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधरने की सख्त नसीहत दी, लेकिन मादिक पर इसका कोई असर नहीं हुआ और उसने सामाजिक मर्यादाओं को मानने से साफ इनकार कर दिया।
तलाक देकर लौटे बेटे पर पिता ने पिस्तौल से बोला हमला
पिता और पत्नी की हरकतों से पूरी तरह तंग आकर बेटे सिराज अंसारी ने अंततः अपनी पत्नी को तलाक दे दिया। यह बात पिता मादिक अंसारी को नागवार गुजरी। बुधवार शाम जैसे ही सिराज पत्नी को तलाक देकर अपने घर वापस लौटा, आरोपी पिता मादिक अंसारी उसके साथ उलझ गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मादिक ने पिस्तौल निकाल ली और उसके बट से सिराज के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
लहूलुहान हालत में बेटा अस्पताल में भर्ती, आरोपी पिता फरार
पिस्तौल की बट से सिर पर हुए जानलेवा हमले के बाद सिराज अंसारी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मादिक अंसारी मौके से हथियार समेत फरार हो गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल सिराज को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


