
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर बिहार में बीजेपी की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है। 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन है और इस मौके पर पार्टी की ओर से अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को हुआ था।

पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविर लगाया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और सार्वजनिक कार्यों से जुड़ी किताबों का स्टॉल भी लगाया गया। इसका उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया।

पटना में रक्तदान शिविर, CM ने बांटे प्रमाण पत्र
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रक्तदान शिविर में पहुंचे और बीजेपी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में आवास, बिजली, खाद्यान्न, स्वास्थ्य और शौचालय जैसी योजनाओं के जरिए लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने का काम किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं, पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर देशभर से मिले स्नेह और आशीर्वाद के लिए लोगों का आभार जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, उन्होंने ‘आशीर्वाद का दिया’ को स्नेह की ऐसी ही एक अभिव्यक्ति बताया और कहा कि हर आशीर्वाद उन्हें देश की सेवा के लिए और अधिक समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।
सासाराम में मुस्लिम महिलाओं ने काटा केक
इधर, सासाराम में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया गया। समाहरणालय के पास बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के नीचे मुस्लिम समाज की कुछ महिलाओं ने केक काटकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूर्व विधायक ललन पासवान भी मौजूद रहे। महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र की कामना की और उनके समर्थन में नारे भी लगाए।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने कहा कि तीन तलाक को लेकर बनाए गए कानून के बाद मुस्लिम महिलाओं के बीच इसे लेकर सकारात्मक बदलाव महसूस किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसके लिए श्रेय देते हुए कहा कि वे चाहती हैं कि प्रधानमंत्री लंबे समय तक देश की सेवा करें।
बिहार में महीनेभर चलेगा सेवा संकल्प अभियान
बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बिहार में महीनेभर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें रक्तदान, जनसेवा और प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़ी गतिविधियों पर केंद्रित कार्यक्रम शामिल हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में बीजेपी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, मोदी ने लोगों से मिले स्नेह के लिए आज आभार भी व्यक्त किया है।


