
Jamshedpur News: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना इलाके में पुलिस ने समय रहते एक बड़ी वारदात को होने से बचा लिया। पुलिस ने मिल्लत नगर स्थित गोलघर स्कूल के पास छापेमारी करके पांच युवकों को हथियारों के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी इलाके के सब्बु टाल वाला के बेटों की हत्या करने की तैयारी में थे।

गुप्त सूचना पर बनी टीम, स्कूल के पास हुई घेराबंदी
जुगसलाई थाने को खबर मिली थी कि कई पुराने मामलों का आरोपी सैफ अली उर्फ राज बच्चा अपने साथियों के साथ हथियार लेकर गोलघर स्कूल के पास जमा है। मामले को देखते हुए सिटी एसपी के निर्देश पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार की अगुवाई में टीम बनाई गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेरा डाला और भागने का मौका दिए बिना पांचों को पकड़ लिया।

देशी पिस्टल और कारतूस जब्त, पांचों आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए मुख्य आरोपी सैफ अली के पास से एक देशी पिस्टल और मैगजीन में लोड 7.65 एमएम की दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं। इसके साथ ही मौके से एक खाली खोखा भी मिला। पकड़े गए अन्य आरोपियों में मिल्लत नगर के रहने वाले मो. रेहान गद्दी उर्फ जिया, मो. शहनवाज उर्फ बिगाड़ू, मो. शहजादा आलम उर्फ साहिल और मो. नसीम अंसारी शामिल हैं।
पहले भी दी थी धमकी, छत पर फायरिंग का वीडियो आया था सामने
पुलिस जांच में पता चला है कि 9 अगस्त को सैय्यद रिजवान करीम ने जुगसलाई थाने में शिकायत देकर सैफ अली से अपनी जान का खतरा बताया था। इसके अलावा 26 अगस्त को ईद मिलाद-उन-नबी के दिन भी सैफ अपने साथियों के साथ छत पर किसी परिवार को निशाना बनाने की फिराक में था। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि आरोपियों ने हथियार के साथ वीडियो बनाया था और शहजादा आलम ने छत से एक राउंड गोली भी चलाई थी।
मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं 18 आपराधिक मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी सैफ अली उर्फ राज बच्चा पर जुगसलाई, परसुडीह, कदमा और बागबेड़ा थानों में कुल 18 केस दर्ज हैं। इनमें हत्या की कोशिश, मारपीट, रंगदारी, लूट, आगजनी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। वहीं शहनवाज और शहजादा आलम का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करके आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए भेज रही है।


