
जमुई: बिहार के जमुई जिले में एक शिक्षिका की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना गिद्धौर प्रखंड स्थित कन्या मध्य विद्यालय की है, जहां 43 वर्षीय शिक्षिका प्रियंका कुमारी गुरुवार को ड्यूटी के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर गईं। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए गिद्धौर पीएचसी ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान चारकपत्थर थाना क्षेत्र के चारकपत्थर गांव निवासी सुरेश प्रसाद बरनवाल की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने पीछे पति के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है।

बाथरूम में अचानक गिरकर हुईं बेहोश
बताया जाता है कि प्रियंका कुमारी गुरुवार को रोज की तरह कन्या मध्य विद्यालय में अपनी ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान वह विद्यालय के बाथरूम में गईं। वहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिरकर बेहोश हो गईं।
घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें संभाला और तत्काल इलाज के लिए गिद्धौर पीएचसीपहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
जमुई ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
पड़ोसी संजय के मुताबिक, गिद्धौर से जमुई सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही प्रियंका कुमारी की मौत हो गई। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति सुरेश प्रसाद बरनवाल ने बताया कि गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे तक उनकी पत्नी से बातचीत हुई थी। इसके बाद विद्यालय से फोन आया कि प्रियंका की अचानक तबीयत खराब हो गई है। वह विद्यालय पहुंचने की तैयारी कर ही रहे थे कि दोबारा फोन कर उन्हें जमुई सदर अस्पताल आने को कहा गया। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पत्नी की मौत की जानकारी मिली।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
परिजनों के अनुसार, प्रियंका कुमारी की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी मौत हुई, लेकिन इसके पीछे क्या वजह थी, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं। वहीं, विद्यालय परिवार में भी शोक की लहर है। साथी शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रियंका कुमारी की अचानक मौत से गमगीन हैं। मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी जांच या चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगी।


