
Bokaro: बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना इलाके से एक बेहद गंभीर और दुखद घटना सामने आई है। चंद्रपुरा पश्चिम पल्ली स्थित DVC कॉलोनी के आवासीय क्वार्टर नंबर HM 14 में रहने वाले DVC के रिटायर्ड कर्मी नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में उनका बेटा रोहित सिन्हा गंभीर रूप से जख्मी हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत बोकारो अस्पताल रेफर किया गया है।

तेज बारिश के बीच दरवाजा खुलते ही बरसाईं गोलियां
घटना गुरुवार की शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। उस समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान घर का मुख्य दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। नरेश सिन्हा ने जैसे ही दरवाजा खोला, बाहर खड़े अज्ञात हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुए इस जानलेवा हमले में नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बीच-बचाव में आया बेटा गोलियां लगने से लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

गोलीबारी की आवाज से फैली दहशत, पुलिस जांच में जुटी
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रोहित को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी।
हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी
मामले को लेकर चंद्रपुरा पुलिस का कहना है कि वारदात में कितने हमलावर शामिल थे, मौके पर कितनी गोलियां चलीं और इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की असली वजह क्या है, इन सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है। पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के इलाकों में लगे कैमरों और संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


