
Koderma: कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेठियाबागी गांव में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। घर के आंगन में बने कुएं के पानी में डूबने से 35 वर्षीय युवक दीपक साव उर्फ कल्लू साव की मौत हो गई। घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे के आसपास की बताई जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसर गया।

दुकान बंद कर घर लौटा था युवक, विवाद के बाद लगाई छलांग
मिली जानकारी के अनुसार दीपक साव गांव में ही राशन की दुकान चलाता था। रोजमर्रा की तरह रात में वह अपनी दुकान बंद करके घर पहुंचा था। घर आने के कुछ ही देर बाद किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर उसने घर के आंगन में बने कुएं में छलांग लगा दी।

मजाक समझने की भूल पड़ी भारी, काफी देर बाद अचेत मिला
घटना के तुरंत बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने इसे सामान्य नाराजगी और मजाक समझा। लोगों को लगा कि दीपक को अच्छी तरह तैरना आता है, इसलिए वह कुछ देर में खुद तैरकर बाहर निकल आएगा। इसी भरोसे में लोगों ने शुरुआत में उसे बाहर निकालने की कोशिश नहीं की। जब काफी देर तक वह कुएं से बाहर नहीं निकला, तब परिजनों ने नीचे झांककर देखा। दीपक कुएं के पानी की सतह पर बेसुध हालत में पड़ा था।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पिता ने बताई अलग बात
स्थिति बिगड़ती देख परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे कुएं से बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर ले गए। वहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ मृतक के पिता छोटन साव का कहना है कि दीपक दुकान से लौटकर कुएं के पास हाथ-पैर धोने गया था और उसी दौरान पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। जयनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।


