
Gumla News: गुमला सदर थाना क्षेत्र के रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर खोरा के पास शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सूरज उरांव (36) की मौके पर ही मौत हो गई।

सूरज खोरा पतरा टोली का रहने वाला था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

हादसे के बाद मौके से भागा चालक
स्थानीय निवासी रविंद्र के मुताबिक, सूरज सड़क पार कर रहा था, तभी रांची की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीछा कर हरिहर ढाबा बायपास के पास ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
मजदूर की मौत की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने रांची-गुमला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और सड़क पर वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू कराया गया।
मुआवजे की मांग, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ट्रक और चालक को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच कर रही है।


