
Ranchi News: रांची के डोरंडा काली मंदिर रोड स्थित न्यू काली पूजा परिसर में पांच दिनों से चल रहा गणेश महोत्सव शुक्रवार, 18 सितंबर को भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ संपन्न हो गया। श्री गणेश पूजा समिति की ओर से आयोजित इस महोत्सव के अंतिम दिन गणपति बप्पा की विदाई के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। जैसे ही शोभायात्रा आगे बढ़ी, गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा।

रुद्रप्रयाग की झांकी बनी आकर्षण
विसर्जन शोभायात्रा को खास बनाने के लिए समिति की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं। इस दौरान रुद्रप्रयाग से आई मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रही। हजारीबाग से पहुंचे डीजी बैंड ग्रुप ने अपनी प्रस्तुति से माहौल में उत्साह भर दिया, वहीं जमशेदपुर की भांगड़ा पार्टी और लोहरदगा के नगाड़ा-बाजा ने भी शोभायात्रा में खूब रंग जमाया।

बैंड-बाजे की धुन पर झूमे श्रद्धालु
शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। कलाकारों की प्रस्तुतियों और बैंड-बाजे की धुन पर श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल होते रहे। पूरे रास्ते गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भगवान श्री गणेश को विदाई दी।
पांच दिनों तक चला उत्सव
गणेश महोत्सव के पांच दिनों के दौरान पूजा-अर्चना के साथ भंडारा, डांडिया और कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन के मौके पर श्री गणेश पूजा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।


