
Giridih: गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुए सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसा औंरा पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां सड़क किनारे एक ट्रक पहले से खड़ा था। इसी दौरान बगोदर की ओर से डुमरी की तरफ जा रहे एक मिनी ट्रक ने पीछे से खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज कि केबिन में फंस गया शव
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक का शव ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू
सूचना मिलने के बाद बगोदर पुलिस मौके पर पहुंची और केबिन में फंसे चालक के शव को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। हादसे के कारण जीटी रोड पर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
नवादा का रहने वाला बताया जा रहा चालक
समाचार लिखे जाने तक मृतक चालक की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चालक बिहार के नवादा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।


