
chatra: चतरा में एक परिवार के लिए धार्मिक यात्रा की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब लौटते वक्त उनका ऑटो हादसे का शिकार हो गया। इटखोरी के मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना कर लौट रहे ऑटो मालिक राकेश यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ऑटो महज तीन दिन पहले ही खरीदी गई थी।

गंधरिया मोड़ के पास हुआ हादसा
हादसा गंधरिया मोड़ के पास एक सरकारी विद्यालय के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, ऑटो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे झुकी बरगद की टहनी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजपुर थाना क्षेत्र के कोल्हैया गांव निवासी राकेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

दो बच्चों समेत पांच लोग घायल
हादसे के समय ऑटो में राकेश यादव के रिश्तेदार भी सवार थे। दुर्घटना में गायत्री देवी, विनय कुमार, शिवानी कुमारी, रुपनी देवी और मुनिया देवी घायल हो गए। इनमें दो बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही राकेश यादव के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद कोल्हैया गांव में भी शोक का माहौल है। जिस नई ऑटो को लेकर परिवार में खुशियां थीं, वही कुछ ही दिनों में दर्दनाक हादसे की वजह बन गई।


